#सिरफ़िरे_का_आतंक..
भरतपुर। इंस्टाग्राम पर एक युवती की रील देखने के बाद उससे मिलने सीकर से पहुंचे एक युवक ने रविवार शाम उसके कमरे में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती और उसकी भतीजी घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवती भरतपुर में होमगार्ड की ट्रेनिंग कर रही है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मथुरा गेट थाना पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। घटना रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे मथुरा गेट थाना क्षेत्र में सारस चौराहे के पास हुई। दोनों युवतियां यहां किराए का कमरा लेकर रह रही थीं। आरोपी की पहचान सीकर जिले के धोद थाना क्षेत्र के पूरणपुरा गांव निवासी राजेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी राजेंद्र करीब शाम 4 से 4:30 बजे के बीच युवतियों को घर के गेट पर मिला था और उनके साथ गाली-गलौज कर रहा था। इसके बाद दोनों युवतियां अपने कमरे में चली गईं। कुछ देर बाद राजेंद्र चाकू लेकर उनके कमरे में पहुंचा और दोनों पर वार करने लगा। हमले के दौरान वे दोनों तेज आवाज में चिल्लाने लगीं। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाला एक युवक ने युवतियों को आरोपी से बचाया और कमरे का गेट बंद कराया। इसके बाद पड़ोसी दोनों को पहले पुलिस चौकी ले गया और वहां से सीधे अस्पताल पहुंचाया। चाकू के वार से युवती के बाएं कंधे, उंगली, पीठ और बाजू में चोट आई है और हमले में उसकी भतीजी भी घायल हुई है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी से उनका कोई रिश्ता नहीं है और वह उसे नहीं जानती थी। उसका कहना है कि आरोपी उनसे बात करने के लिए परेशान कर रहा था, लेकिन उन्होंने उससे बात करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज की और फिर कमरे में आकर उन पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी की करीब दो-तीन साल पहले जयपुर में युवती से मुलाकात हुई थी। इसके बाद आरोपी ने इंस्टाग्राम पर युवती को देखा और भरतपुर आया था। आरोपी युवक ने युवती से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन युवती ने उसे पहचानने से इनकार करते हुए कहा कि वह उसे नहीं जानती। इसी बात को लेकर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात के पीछे की पूरी वजह व अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।