जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में उद्योगपतियों की मासिक बैठक आयोजित
औद्योगिक विकास एवं उद्योगों की समस्याओं के निराकरण पर हुई चर्चा
===================================
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र छिंदवाड़ा में आज जिले के उद्योगपतियों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले के औद्योगिक विकास को गति देना, उद्योगों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा करना तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक समन्वय स्थापित करना रहा।
बैठक में उद्योगपतियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में कचरा संग्रहण, पेयजल उपलब्धता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा अतिक्रमण जैसी समस्याओं से अवगत कराया गया। इन विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही किए जाने का निर्णय लिया गया।
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र श्रीमती ओजस्वी काले ने बताया कि जिले के प्रत्येक विकासखंड में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के उद्देश्य से भूमि चिन्हांकन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने ग्राम अतरवाड़ा में विभाग को आवंटित भूमि के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आवश्यक विकास कार्य पूर्ण होने के उपरांत उक्त भूमि का आवंटन उद्योग स्थापना के लिए किया जाएगा।
बैठक में लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री सौरभ राय, सचिव श्री सुधीर शर्मा, चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव श्री विशाल माहेश्वरी, श्री राहुल भसीन, श्री मुकेश नथानी, श्री मनीष रघुवंशी सहित जिले के अन्य उद्योगपति उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
137 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jul 9, 2026