स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर स्थानीय श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम में जिलास्तरीय मुख्य समारोह अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा विधिवत ध्वजारोहण किया गया और परेड की सलामी ली गई। इस अवसर पर विशाल जन-समूह को संबोधित करते हुए माननीय प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया तथा जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जन्मभूमि, बाबा भोलेनाथ की पावन धरा और गिद्धराज जटायु के बलिदान से सिंचित जमुई की ऐतिहासिक माटी को नमन करते हुए समस्त जिलावासियों को शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में उन्होंने एनडीए सरकार के अटूट संकल्प और कुशल रणनीति को रेखांकित करते हुए कहा कि जमुई अब नक्सलवाद के स्याह दौर से पूरी तरह मुक्त होकर शांति, सुरक्षा और चौतरफा विकास के एक नए स्वर्णिम युग में प्रवेश कर चुका है।
जिले की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए माननीय प्रभारी मंत्री ने बताया कि किसानों को समृद्ध बनाने के लिए पीएम-किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और 5 लाख से अधिक कृषि भू-खंडों के डिजिटल क्रॉप सर्वे के साथ-साथ सिंचाई प्रमंडल जमुई, सिकंदरा और झाझा तथा लघु जल संसाधन विभाग द्वारा हर खेत तक पानी पहुँचाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सुदूर वन क्षेत्रों और पूर्व नक्सल-प्रभावित क्षेत्रों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सड़कों और पुलों का व्यापक जाल बिछाया गया है।
आगे उन्होंने कहा कि जमुई जिला में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में 'अभियान बसेरा-2' से बेघरों को वास-भूमि, 75 हजार से अधिक परिवारों को पक्का आशियाना और 1944 गाँवों में घर-घर कचरा उठाव के माध्यम से स्वच्छता का नया मानक स्थापित किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं का कायाकल्प करते हुए सदर अस्पताल में 24 घंटे पैथोलॉजी, मुफ्त डायलिसिस, सी.टी. स्कैन और 'भव्या' ऐप के माध्यम से सेवाओं का डिजिटलीकरण किया गया है, वहीं मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
माननीय मंत्री ने अपने संबोधन के दौरान नारी सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए उन्होंने बताया कि जीविका दीदियों ने 'दीदी की रसोई' और स्व-रोजगार योजनाओं के जरिए स्वावलंबन की नई मिसाल पेश की है। अति-सुदूर दुर्गम क्षेत्र 'गुरमाहा' के हर घर तक पहली बार नल का जल पहुँचाकर एक ऐतिहासिक बदलाव लाया गया है, जिससे दूर-दराज की बेटियों को पानी ढोने के बोझ से मुक्ति मिली है। शिक्षा, खेल और पर्यटन के क्षेत्र में अलीगंज, खैरा, सोनो और लक्ष्मीपुर में नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना, 'मशाल' खेल प्रतियोगिता तथा पतनेश्वर धाम व गढ़ी डैम के सौंदर्यीकरण से जमुई नई ऊँचाइयों को छू रहा है।
अंत में माननीय प्रभारी मंत्री ने जिलावासियों से 2047 तक विकसित बिहार के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
इस गरिमामय समारोह के मंच पर जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, प्रशासनिक अधिकारीगण, सम्मानित जनप्रतिनिधि, मीडिया बंधु, प्रबुद्ध स्थानीय नागरिकगण, युवा और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar Art, Culture and Youth Department, Government of Bihar
Bihar Education Department Home Department, Govt. of Bihar Social Welfare Department, Government of Bihar
37 views | Jamui, Bihar | Aug 16, 2026