स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने वार्ड नंबर 17 में निर्माणाधीन आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का किया निरीक्षण
सोलन, 13 सितंबर:
प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 17 में निर्माणाधीन आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के कार्य का निरीक्षण किया। यह अस्पताल स्वास्थ्य मंत्री का महत्वपूर्ण ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसके निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति पर वे लगातार नजर रख रहे हैं तथा समय-समय पर स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर रहे हैं।
इस दौरान वार्ड नंबर 17 की पार्षद अरुणा ठाकुर ने अस्पताल तक आने-जाने वाली सड़क से संबंधित स्थानीय लोगों की समस्याओं से स्वास्थ्य मंत्री को अवगत करवाया। उन्होंने भविष्य में अस्पताल में बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए सड़क को अपग्रेड एवं आवश्यकतानुसार चौड़ा करने की आवश्यकता बताई।
स्वास्थ्य मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि 22 सितंबर को संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक एवं मौके का संयुक्त निरीक्षण किया जाए, ताकि अस्पताल शुरू होने के बाद सड़क, यातायात, पार्किंग सहित संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
पार्षद अरुणा ठाकुर ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री की दूरदर्शिता और लगातार प्रयासों से वार्ड 17 में यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि अस्पताल के साथ-साथ इससे जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना भी आवश्यक है, ताकि भविष्य में मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान शहरी कांग्रेस उपाध्यक्ष सुरेंद्र बंसल, विकास ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Solan, Solan | Sep 13, 2026