फाटा-बड़ासू मार्ग पर दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरा डम्पर, दो लोगों की मौत!!
जनपद रुद्रप्रयाग में गुरुवार शाम फाटा एवं बड़ासू के मध्य तरसाली के समीप एक डम्पर के गहरी खाई में गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस तथा 108 एम्बुलेंस की संयुक्त टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की रात 8:43 बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या UK13CA0826 फाटा-बड़ासू मार्ग पर तरसाली के निकट अनियंत्रित होकर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीम द्वारा उपलब्ध कराई गई अद्यतन जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त डम्पर में कुल दो व्यक्ति सवार थे। संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान के दौरान एक व्यक्ति का शव बरामद कर सड़क तक पहुंचा दिया गया, जबकि दूसरे व्यक्ति के शव का स्थान चिन्हित कर लिया गया है और उसे खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई जारी है।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
संजय राणा (लगभग 45 वर्ष) — शव बरामद।
मोहन — शव का स्थान चिन्हित, निकासी की कार्रवाई जारी।
घटनास्थल पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा राहत एवं बचाव अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।