बिग ब्रेकिंग: फाटा-बड़ासू मार्ग पर तरसाली के पास ट्रक 100 मीटर गहरी खाई में गिरा, दो व्यक्ति अचेत अवस्था में मिले, रेस्क्यू जारी,,
जनपद रुद्रप्रयाग में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को रात 08:43 बजे सूचना प्राप्त हुई कि फाटा एवं बड़ासू के मध्य तरसाली के समीप एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया है।
सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस तथा 108 एम्बुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया। सभी राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान में जुटे हुए हैं।
एसडीआरएफ सोनप्रयाग से एसआई आशीष डिमरी ने बताया कि खाई में नीचे उतरते समय दो व्यक्ति अचेत (मूर्छित) अवस्था में मिले हैं, जिन्हें सुरक्षित ऊपर लाने की कार्रवाई जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिरा है। बचाव दल ट्रक तक पहुंच बनाने का प्रयास कर रहा है और राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों तथा ट्रक में सवार लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन द्वारा रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।