देवास में महाराणा प्रताप जयंती पर भव्य घुड़दौड़, ‘जोरा’ घोड़े ने जीता प्रथम स्थान..!
देवास। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर परंपरागत रूप से आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष भी उत्साह और जोश के साथ किया गया। हिंदू संगठन समिति एवं महाराणा प्रताप सेना द्वारा पिछले लगभग 22–23 वर्षों से यह आयोजन महाराणा प्रताप के शौर्य और उनके प्रिय घोड़े चेतक की स्मृति में किया जा रहा है।
इस वर्ष प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों उज्जैन, शाजापुर, धार, रायगढ़, देवास सहित कई क्षेत्रों से घुड़सवारों ने भाग लिया। करीब 23 से 24 घोड़ों ने 1.5 किलोमीटर लंबी इस रोमांचक दौड़ में अपनी प्रतिभा दिखाई।
आयोजक धर्मेंद्र सिंह बैस ने बताया कि प्रारंभिक चरणों के बाद अंतिम राउंड में 6–7 घोड़ों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 11,000 रुपये एवं अन्य प्रतिनिधियों द्वारा 5,000 रुपये के पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में शक्ति सिंह दरबार के घोड़े ‘जोरा’ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उनकी घोड़ी ‘जोधा’ ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने बताया कि उन्होंने लगभग एक महीने से इस रेस की तैयारी की थी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और आयोजन को समाजिक एकता एवं परंपरा का प्रतीक बताया गया।