पत्नी व तीन दुधमुंहे बच्चों को नहर में फेंका, जान बचाकर निकली महिला, तीनों बच्चों की हुई मौत...
पश्चिम चंपारण के चनपटिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कुमारबाग थाना क्षेत्र के भंगहा गांव निवासी राजमिस्त्री रामबाबू यादव ने कथित रूप से पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी ललिता देवी और तीन दुधमुंहे बच्चों को लोहियरिया चौक स्थित नहर में फेंक दिया। इस घटना में ललिता देवी किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आईं, जबकि तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। मंगलवार की अहले सुबह करीब तीन बजे रामबाबू यादव ने पत्नी से कहा कि वह उसे मायके छोड़ने जा रहा है। इसके बाद वह बाइक से पत्नी और तीनों बच्चों को लेकर मझौलिया थाना क्षेत्र के बिरवा गांव के लिए निकला। रास्ते में लोहियरिया नहर के पास उसने पहले बच्चों और फिर पत्नी को नहर में धक्का दे दिया। ललिता देवी किसी तरह नहर से बाहर निकलकर अपने मायके बारवा-बिरवा गांव पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। छवरहिया गांव के समीप नहर में तैरते हुए तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए। चनपटिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
Bettiah, West Champaran | Jun 23, 2026