🔸ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
🔸समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ति एवं पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश
उज्जैन, 8 अक्टूबर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी के मार्गदर्शन में 8 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झारड़ा में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह राजपूत ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी स्वास्थ्य अमले को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
🔸बैठक में एचपीवी टीकाकरण प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के मॉप-अप दिवस 9 अक्टूबर को आयोजित होने वाली गतिविधियों में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
🔸गर्भवती महिलाओं का अनमोल पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का नियमित टीकाकरण तथा यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण की शत-प्रतिशत ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने को कहा गया। यू-विन एवं एचएमआईएस पोर्टल के आंकड़ों में किसी प्रकार का अंतर नहीं रखने तथा दोनों पोर्टल पर डेटा समान एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। सार्थक एप के अनुसार स्वास्थ्य संस्थाओं में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया।
🔸बैठक में गर्भवती महिलाओं की चार आवश्यक जांच शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सूची सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में चस्पा करने तथा उनका समय पर उपचार एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं, जिनका संभावित प्रसव निकट है, उन्हें सुरक्षित प्रसव के लिए आवश्यकतानुसार बर्थ वेटिंग सेंटर में भर्ती कराने को कहा गया। डिलीवरी अपडेट शत-प्रतिशत करने तथा अनमोल एवं एचएमआईएस पोर्टल पर प्रसव संबंधी जानकारी समान रखने के निर्देश दिए गए।
🔸प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत 9 अक्टूबर को आयोजित होने वाले शिविरों में गर्भवती एवं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जांच, उपचार एवं आवश्यक परामर्श शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने को कहा गया। अनमोल पोर्टल के अनुसार मॉडरेट एनीमिया, सीवियर एनीमिया एवं पीआईएच से पीड़ित गर्भवती महिलाओं का समुचित प्रबंधन एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
🔸सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर स्वास्थ्य शिविरों का शत-प्रतिशत आयोजन करने तथा शिविरों के माध्यम से आमजन एवं पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य योजनाओं का समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
🔸स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच बेहतर समन्वय के लिए प्रत्येक शनिवार को सेक्टर स्तरीय संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा दोनों विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
🔸अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने, योजनाओं एवं कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूर्ण करने तथा मैदानी स्तर पर सतत निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
🔸इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह राजपूत, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार पाल, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. शोभाना भाबर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री परविंदर बग्या, जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर श्री अनस कुरैशी, जिला मूल्यांकन एवं अनुश्रवण अधिकारी सुश्री साक्षी शर्मा, जिला क्वालिटी मैनेजर डॉ. मधु नेमा सहित समस्त मेडिकल ऑफिसर, सुपरवाइजर, सीएचओ, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
JDjansampark Ujjain
CM Madhya Pradesh
Ujjain Commissioner
Umaria, Madhya Pradesh | Oct 8, 2026