देवास। महिलाओं को निशाना बनाकर चेन और मंगलसूत्र झपटने वाले दो आरोपियों को देवास पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महज 9 दिनों के भीतर देवास और उज्जैन में चेन स्नैचिंग की 3 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से देवास में महिला से छीना गया करीब 80 हजार रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र भी बरामद किया गया है।
मामला देवास के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। यहां एक महिला अपने पति के साथ बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा किया और मौका मिलते ही पीछे बैठे आरोपी ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।
महिला की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। एसपी पुनीत गेहलोत के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर मोहम्मद जावेद हुसैन उर्फ सतारिया उर्फ अठारिया और रेहान शेख को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने देवास की वारदात के अलावा उज्जैन के कोतवाली थाना क्षेत्र और माधवनगर थाना क्षेत्र में भी एक-एक सोने की चेन झपटने की बात स्वीकार की। इस तरह पुलिस ने कुल तीन चेन स्नैचिंग की वारदातों का खुलासा किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पल्सर बाइक से महिलाओं का पीछा करते थे और सुनसान या मौका मिलते ही पीछे बैठा आरोपी महिला के गले से चेन या मंगलसूत्र झपटकर फरार हो जाता था। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी जावेद के खिलाफ अलग-अलग थानों में 13 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस को पूछताछ के दौरान अन्य चेन स्नैचिंग की वारदातों के भी खुलासे की संभावना है।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews