मौत का कुआं बना NH-139 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दुकानदार की मौत।
औरंगाबाद जिले में मौत का कुआं कहे जाने वाले NH-139 ने आज फिर एक जान ले ली। दाउदनगर के तरारी पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से गैनी गांव के जनरल स्टोर संचालक की मौत हो गई। हादसे के बाद एक बार फिर इस सड़क को फोरलेन बनाने की मांग तेज हो गई है।
घटना दाउदनगर के तरारी पुल के पास NH-139 पर गैनी गांव निवासी संतोष कुमार (40 वर्ष) अपने काम से जा रहे थे। संतोष जनरल स्टोर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संतोष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
*मौत का कुआं बना NH-139 -*
स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-139 अब सड़क नहीं, मौत का कुआं बन गया है। आए दिन इस सड़क पर हादसे होते हैं। सड़क की चौड़ाई कम है, गड्ढे हैं और वाहनों का दबाव ज्यादा है, जिसके कारण रोजाना कहीं न कहीं दुर्घटना हो रही है।
*बड़ा सवाल - कब बनेगा फोरलेन?*
ग्रामीणों ने कहा कि सांसद अभय कुशवाहा ने NH-139 को फोरलेन बनाने की घोषणा की है, लेकिन धरातल पर काम कब शुरू होगा? लोगों का सवाल है कि आखिर इस सड़क पर होने वाली रोजाना की मौतों पर कब रोक लगेगी? लोग कब इस सड़क पर आराम से और सुरक्षित यात्रा कर पाएंगे?
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।