ऊनु महादेव से श्रीखंड महादेव छड़ी यात्रा को लेकर बड़ी पहल, जल्द होगा निरीक्षण
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। ऊनु महादेव से श्रीखंड महादेव तक प्रस्तावित पवित्र छड़ी यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित रूप से प्रारंभ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शनिवार को ऊनु महादेव मंदिर, ज्योरी के महंत मस्त गिरी महाराज की अध्यक्षता में पूर्व प्रधान विजय महाटेट, 15/20 विकास सभा के अध्यक्ष एम.एल. मेहता तथा नेक राम निल्टू ने अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान के निदेशक अविनाश नेगी एवं उपनिदेशक से मनाली में भेंट कर छड़ी यात्रा के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ऊनु महादेव से श्रीखंड महादेव तक यात्रा मार्ग का शीघ्र रेकी एवं तकनीकी निरीक्षण कराने का आग्रह किया। निदेशक अविनाश नेगी ने यात्रा के महत्व को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया कि जल्द ही विशेषज्ञों की एक विशेष टीम गठित कर यात्रा मार्ग का निरीक्षण कराया जाएगा, ताकि आवश्यक व्यवस्थाओं का आकलन कर आगे की कार्यवाही की जा सके।
महंत मस्त गिरी महाराज ने इस अवसर पर विशेष रूप से उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेन्द्र सिंह नेगी, वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सभी पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग और समर्थन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया।
उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा प्राप्त करने के लिए इस पावन छड़ी यात्रा को सफल बनाने में सभी अपना सहयोग दें। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और संबंधित विभागों के सहयोग से यह धार्मिक यात्रा क्षेत्र के लिए आस्था, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत का नया अध्याय सिद्ध होगी।
Ani, Kullu | Jun 28, 2026