जिला यमुनानगर में 26 जुलाई रविवार को होगी ‘नशे के खिलाफ दौड़’, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने किया अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान
18 जुलाई
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार के "नशा मुक्त हरियाणा, स्वस्थ हरियाणा" अभियान के अंतर्गत आगामी 26 जुलाई 2026 (रविवार) को सुबह 5:15 बजे मटका चौक, यमुनानगर से "नशे के खिलाफ दौड़ (Run Against Drugs)" का आयोजन किया जाएगा। इस जन-जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक श्री कमलदीप गोयल ने जिले के नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस दौड़ में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन का मुख्य संदेश "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" है। यह अभियान युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास है, ताकि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम का उद्देश्य "स्वस्थ युवा, सशक्त हरियाणा" के संकल्प को साकार करना है।
प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि "स्वस्थ शरीर, सशक्त मन" और "हमारी पहचान—नशा मुक्त समाज, उज्ज्वल भविष्य, सुरक्षित समाज" जैसे संदेश इस अभियान की मूल भावना हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति नशा छोड़ने और दूसरों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प ले, तो हरियाणा को नशामुक्त और समृद्ध बनाने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त किया जा सकता है।
यमुनानगर पुलिस ने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं से इस जनहितकारी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और "नशा मुक्त हरियाणा, समृद्ध हरियाणा" के संकल्प को सफल बनाने का आह्वान किया है।