*किसानों को अगले 15 दिनों तक पर्याप्त वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें : जिला पदाधिकारी*
गया, 03 अगस्त 2026: किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध एवं पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री शशांक शुभंकर ने आज समाहरणालय सभागार में बिजली विभाग के सभी कनीय अभियंताओं, सहायक अभियंताओं, कार्यपालक अभियंताओं एवं अधीक्षण अभियंता के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में पूरे राज्य में गया जिला में सबसे कम वर्षा दर्ज की गई है। ऐसी स्थिति में जिले के किसान धान की रोपनी एवं सिंचाई के लिए कृषि फीडरों और कृषि ट्रांसफार्मरों से मिलने वाली बिजली पर पूरी तरह निर्भर हैं। इसलिए बिजली विभाग की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।
उन्होंने निर्देश दिया कि अगले 15 दिनों तक जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि फीडरों एवं कृषि ट्रांसफार्मरों के माध्यम से पर्याप्त वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को धान रोपनी एवं पटवन कार्य में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
जिला पदाधिकारी ने सभी कनीय अभियंताओं, सहायक अभियंताओं, कार्यपालक अभियंताओं एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते हुए बिजली आपूर्ति की नियमित निगरानी करें। जहां कहीं भी कृषि फीडर अथवा कृषि ट्रांसफार्मर में खराबी की सूचना मिले, वहां तत्काल मरम्मत अथवा ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों से कम वोल्टेज मिलने की शिकायत प्राप्त हो रही है, जिसके कारण किसानों के पंपसेट मोटर सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रहे हैं और धान रोपनी का कार्य प्रभावित हो रहा है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए सभी अभियंता प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक तकनीकी सुधार करें तथा किसानों को पर्याप्त वोल्टेज के साथ गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराएं।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अगले 15 दिनों तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Energy Department, Bihar Bihar Agricultural Management & Extension Training Institute Department of Agriculture, Government of Bihar News18 Bihar DDNewsLive Social Welfare Department, Government of Bihar
Gaya, Bihar | Aug 3, 2026