भोजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पवना थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा मेला घूमकर लौटने के दौरान युवक की हत्या के मामले में 48 घंटे के भीतर मुख्य नामजद अभियुक्त गिरफ्तार!
16 अक्टूबर को रात्रि को मेला से लौटने के क्रम में पवना बाजार में अभियुक्त आश्वनी कुमार उर्फ मोल्लू एवं अन्य सहयोगियों द्वारा शांतनु को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था, जिसकी इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में आवेदक द्वारा संबंधित थाने को एक लिखित आवेदन दिया गया, जिसमें बताया गया कि इससे पूर्व दिनांक 13/10/2026 को भी आश्वनी कुमार उर्फ मोल्लू द्वारा मृतक के मौसेरे भाई साहिल कुमार को फोन पर गोली मारने की धमकी दी गई थी। इन तथ्यों के आधार पर पवना थाना कांड संख्या 101/26, दिनांक 17/10/2026 दर्ज की गई थी।
भोजपुर पुलिस की कार्रवाई :-
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, भोजपुर के दिशा-निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, आरा सदर-01 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। गठित विशेष छापेमारी टीम द्वारा तकनीकी अनुसंधान और त्वरित छापामारी करते हुए इस कांड के प्राथमिक नामजद अभियुक्त को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि आपसी रंजिश एवं वर्चस्व के कारण वह मृतक के मौसेरे भाई साहिल कुमार की हत्या करना चाहता था। इस घटना में संलिप्त अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
Arrah, Bhojpur | Oct 18, 2026