चंदवारा की वादियों से गुजर रही विकास की रेल, बन रहा देश के खूबसूरत रेल मार्गों में एक
कोडरमा-तिलैया निर्माणाधीन रेलखंड अब केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि पर्यटन और आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। चंदवारा प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाली यह रेल लाइन अपने प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ों और घाटियों के कारण लोगों का ध्यान खींच रही है। विशेष रूप से बेंदी पंचायत के आसपास के पहाड़ी दृश्य यात्रियों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। राजगीर की ओर जाने वाली ट्रेनों में सफर कर रहे कई यात्री और पर्यटकों के समूह इस क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती को देखने के लिए उत्सुक हैं। रेल मार्ग के दोनों ओर फैली हरियाली, ऊंचे-ऊंचे पहाड़ और घाटियों का मनोरम दृश्य इसे एक विशेष पहचान दे रहा है।जानकारों के अनुसार, यह रेलखंड भविष्य में देश के सबसे खूबसूरत रेल मार्गों में शुमार हो सकता है। पूर्व मध्य रेलवे का सबसे ऊंचा रेलवे पुल भी इसी परियोजना के तहत बनाया जा रहा है, जो इस रेल लाइन की विशेषता को और बढ़ाता है।निर्माण कार्य तेजी से जारी है और संभावना जताई जा रही है कि मार्च 2027 तक इस महत्वपूर्ण रेलखंड का उद्घाटन हो सकता है। रेल सेवा शुरू होने के बाद न केवल कोडरमा और चंदवारा क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नया आयाम मिलेगा।