झारखंड से अफीम लाकर पंचकूला में सप्लाई करने वाला अंतर्राज्यीय तस्कर पुलिस की गिरफ्त में, 1 किलो 265 ग्राम अफीम बरामद
पंजाब में भी दर्ज है नशा तस्करी का मामला, आरोपी 6 दिन के पुलिस रिमांड पर
पंचकूला/ 25 जुलाई:- जिला पंचकूला को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-1 ( क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 का बदला हुआ नाम) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से अफीम लाकर पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 265 ग्राम अफीम बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पंजाब में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि उसके पूरे सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 जुलाई 2026 को हमें सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी कृपाल वर्मा उर्फ कृपाल राम बरवाला-डेराबस्सी रोड स्थित पुराने मंदिर के पास किसी व्यक्ति को अफीम की सप्लाई देने के लिए खड़ा है। हमारी क्राइम ब्रांच-1 की टीम इंचार्ज विजय की अगुवाई में मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 1 किलो 265 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह झारखंड से अफीम लाकर पंचकूला क्षेत्र में सप्लाई करता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पंजाब में भी अफीम तस्करी का मामला दर्ज है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर 6 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला को नशा मुक्त बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में भी आरोपी के पूरे सप्लाई नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और उसके सभी सहयोगियों तक पहुंचने के लिए गहन जांच की जा रही है। हमारी अपील है कि युवा नशे से दूर रहें और यदि किसी को नशा तस्करी संबंधी कोई भी जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Uklana, Hissar | Jul 25, 2026