प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
19 जुलाई 2026
शीर्षक: "विकसित भारत-समृद्ध बिहार" विजन के तहत जमुई के 10 स्कूल बने 'आदर्श विद्यालय',शिक्षा के नए युग की शुरुआत।
जमुई: "विकसित भारत-समृद्ध बिहार" विजन के तहत आज शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़े और ऐतिहासिक बदलाव की शुरुआत हुई है। आज 'उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य' के संकल्पों और उद्देश्यों को साकार की दिशा में बिहार के शैक्षणिक इतिहास में एक ऐतिहासिक और स्वर्णिम अध्यायकी शुरुआत हुई है। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा बेगुसराय के बी.पी. इंटर स्कूल में आयोजित राज्यस्तरीय मुख्य समारोह से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश में नवनिर्मित 551 'सरस्वती विद्या निकेतन' (आदर्श विद्यालय) का गरिमामयी शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से जमुई जिले के कुल 10 प्रमुख उच्च माध्यमिक विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में नया, आधुनिक और सर्वसुविधासंपन्न स्वरूप प्रदान करते हुए जिलेवासियों को समर्पित किया गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में जमुई प्रखंड के नवनिर्मित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), सतायन, जो पूर्व में +2 जनता उच्च विद्यालय के नाम से जाना जाता था, के प्रांगण में एक भव्य जिला स्तरीय उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता जमुई श्री रविकांत सिन्हा के साथ –साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ-साथ भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दुर्गा केशरी, लोजपा जिला अध्यक्ष श्री जीवन जी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्ध नागरिक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। समारोह में उपस्थित सभी राजनीतिक व सामाजिक प्रतिनिधियों ने सरकार की इस दूरदर्शी पहल की भूरि-भूरि सराहना की और इसे जिले के समग्र विकास में एक अभूतपूर्व मील का पत्थर बताया।
इसी क्रम में मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा द्वारा नवउद्घाटित मॉडल स्कूल में नवनिर्मित अत्याधुनिक स्मार्ट क्लासरूम का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके उपरांत "हरित जमुई" के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से अपर समाहर्ता सहित सभी उपस्थित पदाधिकारियों, राजनीतिक प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विद्यालय परिसर में सघन वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जीवन में पौधों के महत्व को समझाया और प्रत्येक छात्र को 'एक पौधा माँ के नाम' लगाने तथा उसकी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
इस शुभारंभ और उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि जमुई के ये सभी आदर्श विद्यालय सिर्फ ईंट-पत्थर की भौतिक इमारतें नहीं हैं, बल्कि हमारे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाले आधुनिक केंद्र बनेंगे। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य इन विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा के स्तर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मानकों तक ले जाना है, जिससे जमुई के छात्र भविष्य की हर वैश्विक चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह सक्षम हो सकें। उन्होंने शिक्षकों को इसी आदर्श को अपने व्यक्तित्व में अपनाकर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने हेतु प्रेरित किया, साथ ही अभिभावकों से भी इस स्वर्णिम अवसर का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने और जमुई के शैक्षिक परिदृश्य को और भी सुदृढ़ व समृद्ध करने का आह्वान किया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों और जनसमूह का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को एक सुरक्षित, समावेशी और डिजिटल संसाधनों से समृद्ध वातावरण प्रदान करना हमारी पहली प्राथमिकता है। आधुनिक डिजिटल लर्निंग और नियमित साप्ताहिक प्रगति मूल्यांकन के माध्यम से हम छात्रों के एक उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने हेतु पूरी तरह संकल्पित हैं। एक जिला शिक्षा पदाधिकारी के रूप में इन आदर्श विद्यालयों के माध्यम से एक ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया जाएगा जो जिले के बाकी स्कूलों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण बनेगा।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दुर्गा केशरी और लोजपा जिला अध्यक्ष श्री जीवन जी सहित अन्य वक्ताओं ने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष हर्ष व्यक्त किया कि सरकार के ठोस प्रयासों से अब जमुई के सभी प्रखंडों में प्राथमिक स्तर से लेकर स्नातक (ग्रैजुएशन) तक की शिक्षा की मुकम्मल व्यवस्था हो गई है, जिससे अब जिले के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी। उन्होंने जमुई की आम जनता से अपील की कि वे इस अभूतपूर्व अवसर का पूरा लाभ उठाएं और अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ाने के लिए बढ़-चढ़कर आगे आएं।
बिहार सरकार द्वारा सरस्वती विद्या निकेतन के नाम से आदर्श विद्यालय प्रत्येक प्रखंड में स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण, समावेशी तथा नवाचार आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना है, ताकि हर प्रखंड में एक ऐसा उत्कृष्ट सार्वजनिक विद्यालय तैयार हो सके जो पूरे देश में शैक्षणिक मिसाल पेश करे। जमुई जिले के अंतर्गत आने वाले इन 10 चयनित आदर्श विद्यालयों में जमुई प्रखंड का +2 जनता उच्च विद्यालय सतायन, अलीगंज का +2 एम० आर० पुरी उच्च विद्यालय ताजपुर, सिकन्दरा का +2 एस० के० उच्च विद्यालय, लक्ष्मीपुर का +2 उत्क्रमित उच्च विद्यालय बेला, बरहट का +2 राजकीय उच्च विद्यालय लथलथ, गिद्धौर का +2 एम० सी० भी० उच्च विद्यालय, सोनो का +2 एस० एस० उच्च विद्यालय, चकाई का +2 एस० के० उच्च विद्यालय, खैरा का +2 आर० एस० एस० उच्च विद्यालय बड़ाबांध तथा झाझा का +2 एम० जी० एस० उच्च विद्यालय शामिल हैं, जो आज से 'सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय)' के नाम से जाने जाएंगे। ये विद्यालय सिर्फ अपने बुनियादी ढांचे और नाम के अनुरूप ही आदर्श नहीं रहेंगे, बल्कि अपने ऊंचे उद्देश्यों और क्रियाकलापों से भी एक नई मिसाल कायम करेंगे। ये सभी विद्यालय न केवल अपने प्रखंड में बच्चों को आधुनिक शिक्षा देंगे, बल्कि आसपास के अन्य सरकारी स्कूलों के लिए भी शैक्षणिक मार्गदर्शन और संसाधन साझेदारी के प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करेंगे।
इन सभी नवस्थापित आदर्श विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई अत्याधुनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यहाँ अनुभवी शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों द्वारा अध्यापन कार्य के साथ-साथ छात्रों की प्रगति की निरंतर निगरानी के लिए साप्ताहिक परीक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, शिक्षकों और विद्यार्थियों की 'दीक्षा' एवं 'ई-लॉट्स' जैसे महत्वपूर्ण सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स तक सीधी पहुंच सुनिश्चित की गई है। स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध ई-लाइब्रेरी और खेलकूद की बेहतरीन बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ विद्यार्थियों को मेडिकल, इंजीनियरिंग और ओलंपियाड जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की आधारभूत तैयारी भी कराई जाएगी। नियमित पाठ्यक्रमों के साथ-साथ एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज, करियर काउंसलिंग और शैक्षणिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए रिमेडियल क्लासेस की विशेष व्यवस्था भी इन स्कूलों की मुख्य पहचान होगी, जो जिले में शिक्षा के एक नए सवेरे का सूत्रपात करेगी।
#jamui General Administration Department, Govt. of Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Education Department
70 views | Jamui, Bihar | Jul 19, 2026