खोया हुआ पर्स बरामद कर महिला को लौटाया, कोतवाली देहात पुलिस की तत्परता की सराहना
हरदोई। कोतवाली देहात पुलिस ने एक महिला का खोया हुआ पर्स बरामद कर उसे सुरक्षित सामान सहित वापस सौंप दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से महिला ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2026 को करीब शाम 5:15 बजे कोतवाली देहात क्षेत्र के मोहल्ला पहाड़ी चुंगी के पास ड्यूटी के दौरान आरक्षी तेज बहादुर सिंह और आरक्षी मोहितानु कुमार को एक महिला का पर्स पड़ा मिला। पर्स में एक सोने की चेन, एक अंगूठी, 2,088 रुपये की नकदी, एक एटीएम कार्ड समेत अन्य सामान था।
पुलिसकर्मियों ने पर्स को सुरक्षित रखते हुए उसके वास्तविक स्वामी की तलाश शुरू की। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी पर्स के संबंध में जानकारी प्रसारित की गई। पुलिस के प्रयासों के बाद पर्स की स्वामिनी की पहचान कल्पना देवी पत्नी बलवीर चक्रवर्ती, निवासी ग्राम पहराइया, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई।
पुलिस ने महिला को कोतवाली बुलाकर आवश्यक सत्यापन के बाद उसका खोया हुआ पर्स समस्त सामान सहित सुरक्षित वापस कर दिया। पर्स मिलने के बाद महिला ने पुलिस टीम की ईमानदारी और तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
कोतवाली देहात पुलिस के अनुसार दोनों आरक्षियों द्वारा दिखाई गई ईमानदारी और तत्परता की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया है।
पुलिस टीम में आरक्षी तेज बहादुर सिंह और आरक्षी मोहितानु कुमार शामिल रहे।
#हरदोई #HardoiPolice #कोतवाली_देहात #Police #hardoinews
Bilgram, Hardoi | Aug 28, 2026