एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी ने हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन का कार्यभार संभाला
कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा की मौजूदगी में ग्रहण किया पदभार, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने का लिया संकल्प
पंचकूला, 16 जून : हरियाणा के कृषि, पशुपालन और डेयरी मंत्री श्री श्याम सिंह राणा की उपस्थिति में आज एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी ने पशुधन भवन, सेक्टर-2 स्थित कार्यालय में हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन का कार्यभार ग्रहण किया।
मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण करने उपरांत एडवोकेट अशोक कुमार सिरसी ने कहा कि वे उन्हें हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूरी निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करेंगे।
बोर्ड की आगामी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि हरियाणा में पशुपालन, दुग्ध उत्पादन तथा पशु नस्ल सुधार को बढ़ावा देने के लिए बोर्ड द्वारा विशेष प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर करनाल के विधायक श्री जगमोहन आनंद, इंद्री के विधायक श्री राम कुमार, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के पूर्व चेयरमैन श्री धर्मवीर मिर्जापुर, मुख्यमंत्री के एडीसी श्री मोहिंदर सैनी, शिवालिक विकास बोर्ड के वाइस चेयरमैन श्री ओम प्रकाश देवीनगर, श्रीमती मेघा भंडारी, हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के सदस्य श्री मुकेश गर्ग, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के पूर्व चेयरमैन श्री भोपाल खदरी, एचएसएससी के पूर्व सदस्य श्री अमरनाथ सौदा, सरदार गुरप्रताप सिंह, इफको के निदेशक श्री प्रदीप सिंह तथा बार काउंसिल के सदस्य श्री प्रदीप परमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विभाग की ओर से प्रबंध निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह लौरा, महानिदेशक डॉ. प्रेम सिंह, ओएसडी डॉ. धर्मेंद्र कुमार, संयुक्त निदेशक डॉ. सुखदेव सिंह राठी तथा अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।