छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए रोजगारपरक शिक्षा जरूराी: रविंद्र पाल सिंह
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: डीएवी गर्ल्स कॉलेज में पीडीपी एंड प्लेसमेंट सेल तथा इंक्यूबेशन स्किल डेवलपमेंट एंड एम्प्लॉयमेंट जनरेशन सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय ट्रेनिंग प्रोग्राम शनिवार को संपन्न हो गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को रोजगार के बदलते अवसरों के अनुरूप आवश्यक कौशल से परिचित करवाना तथा उनके व्यक्तित्व एवं आत्मविश्वास का विकास करना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिरसा से आए स्किल ट्रेनर रविंद्र पाल सिंह ने छात्राओं को विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने सॉफ्ट स्किल्स, लाइफ स्किल्स, रोजगारपरक कौशल, व्यावहारिक कौशल, संचार कौशल, साक्षात्कार कौशल तथा डिजिटल साक्षरता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के लिए प्रभावी संचार, सकारात्मक व्यवहार, टीमवर्क, समय प्रबंधन और डिजिटल तकनीक का ज्ञान भी आवश्यक है।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को साक्षात्कार में आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, प्रभावी संवाद करने तथा कार्यस्थल पर बेहतर व्यवहार करने के विभिन्न तरीकों का अभ्यास करवाया गया। छात्राओं ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञ से रोजगार एवं करियर से संबंधित सवाल भी पूछे।
कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कौर ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक जीवन और रोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज का प्रयास है कि छात्राओं को बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. नताशा बजाज, ममता थापर, सुषमा शर्मा, डॉ परमेश कुमार व डॉ शिखा सहित अन्य शिक्षिकाओं ने सहयोग दिया।