छठी जिला योगासन चैंपियनशिप में एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए किया प्रेरित
यमुनानगर, 3 अक्टूबर- नेशनल हेरिटेज पब्लिक स्कूल, जगाधरी, यमुनानगर में छठी जिला योगासन चैंपियनशिप का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया जिसमें जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता में 70 से अधिक प्रतिभागियों ने शानदार एवं उत्कृष्ट योगासन प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने लचीलापन, संतुलन, एकाग्रता, अनुशासन और समर्पण का अद्भुत परिचय दिया।
चैंपियनशिप का आयोजन योगासन की अध्यक्ष आस्था राणा के नेतृत्व में, बाबा रामदेव के मार्गदर्शन में पतंजलि फाउंडेशन तथा हरियाणा योग आयोग के चेयरपर्सन जयदीप आर्य के मार्गदर्शन में किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में योग एवं आसनों के प्रति रुचि को आनंदमय, रोचक और सार्थक तरीके से बढ़ावा देना था।
एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ ने विद्यार्थियों को योगासन को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया तथा स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उनकी मेहनत और दृढ़ संकल्प को दर्शाया। कार्यक्रम का समापन इस प्रेरणादायी संदेश के साथ हुआ कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक शक्ति, मानसिक शांति, आत्मविश्वास और आंतरिक संतुलन प्रदान करने वाली जीवनशैली है।