मुंशी मंजेश हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, प्रोजेक्ट मैनेजर समेत 4 गिरफ्तार।
गिरिडीह जिले अंतर्गत तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोंक में HNC कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार के अपहरण-हत्या का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर मंजेश का शव जमुई के चिहरा थाना क्षेत्र स्थित पिपरातरी जंगल से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, काम, डीजल और खर्च को लेकर विवाद के बाद हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस ने मोटरसाइकिल, खून लगा पत्थर, सखुआ का डंडा और तीन मोबाइल भी जब्त किए हैं। मामले की आगे जांच जारी है।