गौहनिया चौकी के सामने महिला की दुकान का वीडियो वायरल, एक्सपायरी स्प्राइट बेचने के आरोप से किया इनकार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को महिला ने बताया फर्जी, दुकान की जांच कराने की मांग
प्रयागराज। घूरपुर थाना क्षेत्र के गौहनिया चौकी के सामने पान की दुकान चलाने वाली महिला के संबंध में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वायरल वीडियो में महिला की दुकान पर कथित तौर पर एक्सपायरी अथवा खराब स्प्राइट बेचे जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
मामले में दुकान संचालिका सोनी केसरवानी ने आरोपों से इनकार करते हुए वीडियो को फर्जी बताया है। महिला का कहना है कि सोशल मीडिया पर वीडियो के माध्यम से उसे और उसकी दुकान को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे ग्राहक उसकी दुकान पर आना बंद कर दें।
सोनी केसरवानी के अनुसार, वह विधवा हैं और पान, गुटखा, स्प्राइट तथा अन्य ठंडे पेय पदार्थ बेचकर अपने परिवार का गुजर-बसर करती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी दुकान पर कोई एक्सपायरी अथवा खराब पेय पदार्थ नहीं रखा गया है। महिला ने संबंधित अधिकारियों से दुकान की जांच कराने की भी मांग की है।
महिला का कहना है कि यदि जांच की जाती है तो वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी। उन्होंने घूरपुर पुलिस प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराने तथा सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने के मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
महिला के बयान के आधार पर प्रकाशित खबर: इस खबर में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वायरल वीडियो की वास्तविकता और दुकान में रखे सामान की स्थिति की पुष्टि संबंधित विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी।