मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया पर जाति आधारित प्रचार-प्रसार बढ़ रहा है, जो समाज और राज्य के विकास के लिए उचित नहीं है। बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी वर्गों के लोगों को जातीय सोच से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ काम करना होगा। समाज में सकारात्मक सोच और आपसी सहयोग से ही बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकता है।
आईजी विकास वैभव रविवार को औरंगाबाद जिले में आयोजित किसान सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान जमीन से जुड़े हुए होते हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। यदि गांव के एक-एक किसान शिक्षा के प्रति जागरूक होकर अपनी आमदनी बढ़ाने की दिशा में प्रयास करें तो इसका सीधा लाभ परिवार, गांव और पूरे राज्य को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि किसानों को खेती के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, नई कृषि पद्धतियों और आय के वैकल्पिक स्रोतों की जानकारी हासिल करनी चाहिए। शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से किसान अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकते हैं। जब ग्रामीण क्षेत्र आर्थिक रूप से मजबूत होगा, तभी बिहार के विकास को गति मिलेगी।
आईजी ने कहा कि बिहार के युवाओं और किसानों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें सही दिशा, अवसर और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। समाज के हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए बिहार के विकास में योगदान देना चाहिए।
समारोह में पूर्व आईपीएस अधिकारी बीके सिंह, महिंद्रा ट्रैक्टर के स्टेट हेड बलवीर चौधरी, मां मुंडेश्वरी ग्रुप ऑफ कंपनी के सीएमडी सह भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल शरण सिंह, सीईओ गौरव सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान सैकड़ों किसानों को सम्मानित भी किया गया।
Deo, Aurangabad | Sep 21, 2026