आजादी के दशकों बाद भी सड़क से वंचित है भुईयां बिगहा टोला, पगडंडी के सहारे आवागमन
औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड के बनिया पंचायत अंतर्गत नगमतिया कब्रिस्तान से भुईयां बिगहा महादलित टोला तक संपर्क सड़क नहीं होने का मामला सामने आया है। करीब पांच सौ की आबादी वाले इस टोले के लोगों को आज भी खेतों के बीच बनी पगडंडी के सहारे आवागमन करना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक, भुईयां बिगहा महादलित टोला में सड़क नहीं होने के कारण चार पहिया वाहन तक नहीं पहुंच पाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बरसात के दिनों में होती है। रास्ते में कीचड़ और पानी भर जाने के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। वहीं, किसी के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए कई बार खाट पर लिटाकर पगडंडी के रास्ते ले जाना पड़ता है।
इस मामले को लेकर प्रखंड कांग्रेस कमेटी मदनपुर के प्रखंड अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने जिला पदाधिकारी औरंगाबाद एवं उप विकास आयुक्त औरंगाबाद को ईमेल के माध्यम से आवेदन भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। संजीव कुमार सिंह ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी करीब पांच सौ लोगों की आबादी वाले इस टोले तक पक्की संपर्क सड़क का नहीं होना गंभीर समस्या है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नगमतिया कब्रिस्तान से भुईयां बिगहा महादलित टोला तक किसी भी उपयुक्त सरकारी मद से संपर्क सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों से राहत मिल सके।उन्होंने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। ऐसे में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित इस टोले की समस्या पर प्रशासन को गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जल्द पहल करनी चाहिए। अब देखना यह है कि ग्रामीणों की इस समस्या पर जिला प्रशासन कब तक संज्ञान लेता है और संपर्क सड़क निर्माण की दिशा में क्या कार्रवाई की जाती है।
Deo, Aurangabad | Sep 21, 2026