मगहर पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का भव्य उद्घाटन, एसपी संदीप कुमार मीना बोले— जनता और पुलिस के बीच विश्वास होगा और मजबूत
खलीलाबाद, संतकबीरनगर।
उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस विभाग को आधुनिक, सुदृढ़ और जनहितैषी बनाने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय की उपस्थिति में थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगर मगहर स्थित पुलिस चौकी के नवनिर्मित एवं जीर्णोद्धार भवन का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर उद्घाटन किया।
एसपी ने कहा कि यह केवल एक भवन का उद्घाटन नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्यस्थल मिलने से पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और फरियादियों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जीर्णोद्धार के बाद चौकी भवन में पुलिसकर्मियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही चौकी परिसर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और हरित वातावरण प्रदान कर आदर्श कार्यस्थल का स्वरूप दिया गया है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसपी संदीप कुमार मीना ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि मगहर जैसे ऐतिहासिक एवं संवेदनशील क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ रखने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
मगहर पुलिस चौकी के नए स्वरूप को देखकर स्थानीय व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों एवं ग्रामीणों ने खुशी जताई और पुलिस विभाग के इस प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जयप्रकाश दुबे, चौकी प्रभारी मगहर सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।