स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, टोडाभीम में बाल संसद का लोकतांत्रिक चुनाव संपन्न #57news
विद्यार्थियों ने मतदान कर चुने अपने प्रतिनिधि, दीपक मीणा बने प्रधानमंत्री
टोडाभीम।
स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, टोडाभीम में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए बाल संसद का गठन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मतदान कर विभिन्न पदों के लिए अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।
चुनाव परिणामों के अनुसार दीपक मीणा बाल संसद के प्रधानमंत्री, वंशिका बृजवासी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मंत्री, मोहित जैमिनी हेड बॉय, चेल्सी जौरवाल हेड गर्ल, बिट्टू राजपूत खेल एवं योग मंत्री, रोहनदीप पर्यावरण एवं वृक्षारोपण मंत्री, निशा कुमारी शिक्षा मंत्री तथा सुहाना कंवर सांस्कृतिक मंत्री निर्वाचित घोषित किए गए।
विद्यालय के प्राचार्य भय सिंह मीणा ने सभी निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बाल संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सेवा भावना का विकास करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नव निर्वाचित प्रतिनिधियों से विद्यालय के विकास, अनुशासन और छात्र हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
चुनाव प्रक्रिया का संचालन निर्वाचन अधिकारी नीरज कुमार मीना (व्याख्याता) के संयोजन में हुआ, जबकि विद्यालय स्टाफ ने पोलिंग पार्टी की जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम के संचालन में विक्रम सिंह एवं नरेश सिंह (व्याख्याता) का सहयोग रहा।
पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित बाल संसद विद्यालय की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों में नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करेगी।
Balghat, Karauli | Jul 18, 2026