बिजली संकट से त्रस्त किसानों का फूटा गुस्सा, केताकी फीडर हाउस में जड़ा ताला; महज 5-6 घंटे मिल रही बिजली
देव। औरंगाबाद जिले के देव प्रखंड में बिजली संकट को लेकर किसानों का आक्रोश आखिरकार सड़क पर उतर आया। केताकी बिजली फीडर हाउस में करीब पांच पंचायतों के किसानों और ग्रामीणों ने ताला जड़कर बिजली विभाग के खिलाफ विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब एक माह से 24 घंटे में महज 5 से 6 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है, जिससे खेती-किसानी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की समस्या को लेकर कई बार JEE और बिजली विभाग के SDO से शिकायत एवं वार्ता की गई, लेकिन हर बार अलग-अलग कारण बताकर मामले को टाल दिया गया। आखिरकार परेशान होकर ग्रामीणों ने फीडर हाउस में तालाबंदी कर विरोध दर्ज कराया।
किसानों का कहना है कि देव प्रखंड में अब तक करीब 21 प्रतिशत ही धान की रोपनी हो सकी है। बारिश की कमी और बिजली संकट ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ग्रामीणों के अनुसार औरंगाबाद जिले में सामान्य से करीब 78 प्रतिशत कम बारिश हुई है, वहीं नहरों की स्थिति भी किसानों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की गंभीर समस्या के बावजूद सांसद, विधायक और MLC की ओर से अपेक्षित पहल नहीं हो रही है। किसानों ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि धान की रोपनी और सिंचाई का काम आगे बढ़ सके।
तालाबंदी के बाद बिजली विभाग और प्रशासन के सामने किसानों की नाराजगी दूर करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
#DevNews #Ketaki #AurangabadBihar #ElectricityCrisis #FarmerIssue #KisanAndolan #PowerCut #BijliSankat #DhanRopni #AurangabadNews #DevPrakhand #BiharNews #FarmersProtest #Bharatcrimelivenews