नवरात्र को लेकर भिट्ठा थाना में शांति समिति की बैठक, CO सतीश कुमार की उपस्थिति में तैयारियों की समीक्षा, कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
सुरसंड (सीतामढ़ी): आगामी शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के पावन त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर भिट्ठा थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक अंचल अधिकारी (CO) सतीश कुमार की उपस्थित में संपन्न हुई। बैठक में स्थानीय पुलिस पदाधिकारियों, विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया और त्योहार को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया।
इन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर अंचल अधिकारी (CO) सतीश कुमार के साथ पुलिस प्रशासन की ओर से थाना अध्यक्ष दीपक पटेल अपर और पुलिस अवर निरीक्षक अफजल अली मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही क्षेत्र के गणमान्य लोगों और जनप्रतिनिधियों में मुखिया ध्रुप नारायण चौधरी, मुखिया प्रतिनिधि राम विवेकी शाह,प्रमोद ठाकुर, संजय चौधरी, पैक्स अध्यक्ष सरोज कुमार,मनीष झा,नवीन कुमार साह, अरुण कुमार यादव, लालू यादव मिथिलेश कुमार झा और सुशील कुमार साह सहित क्षेत्र के कई अन्य प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
बैठक को संबोधित करते हुए CO सतीश कुमार और थाना अध्यक्ष ने कहा कि नवरात्र के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर, आपत्तिजनक पोस्ट या सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी अप्रिय स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत भिट्ठा थाना पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
पूजा समितियों के लिए जारी किए गए मुख्य निर्देश:
• डीजे और लाउडस्पीकर पर नियंत्रण: सरकारी गाइडलाइन के अनुसार डीजे संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पंडालों में लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित समय और तय आवाज की सीमा के भीतर ही किया जाएगा।
• सुरक्षा एवं सीसीटीवी: सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया गया कि वे सुरक्षा के दृष्टिकोण से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और भीड़ प्रबंधन के लिए स्थानीय स्वयंसेवकों (वालंटियर्स) की तैनाती करें।
• अग्निशमन व्यवस्था: पंडालों में शॉर्ट सर्किट से बचाव के लिए बिजली के तारों की सही फिटिंग करने और आग से सुरक्षा के लिए पर्याप्त मात्रा में अग्निशमन यंत्र व बालू-पानी की व्यवस्था रखने को कहा गया।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत होकर प्रशासन के साथ मिलकर त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से भी पर्व के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजामों का भरोसा दिलाया गया है।