इनेलो जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु के निधन पर शोक जताने वालों का लगा तांता, इनेलो दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
भिवानी, 17 सितबर : इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के भिवानी जिला अध्यक्ष अशोक ढ़ाणीमाहु के आकस्मिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में गहरा शोक व्याप्त है। वीरवार को भिवानी के विकास नगर स्थित उनके निवास स्थान पर शोक प्रकट करने वाले नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों का तांता लगा रहा। इनेलो के शीर्ष नेतृत्व से लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। वीरवार को इनेलो संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह व प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, पूर्व मंत्री डा. वासुदेव शर्मा, इनेलो महिला प्रदेश महासचिव इंदु परमार, पूर्व विधायक ओमप्रकाश गौरा सहित कई प्रमुख दिग्गज नेता अशोक ढ़ाणीमाहु के विकास नगर स्थित आवास पर पहुंचे। नेताओं ने स्व. अशोक ढ़ाणीमाहु के सुपुत्र डा. सुमित चौधरी व अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस दुख की घड़ी में परिवार को सांत्वना दी। इनेलो संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह ने शोक जताते हुए कहा कि अशोक ढ़ाणीमाहु केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि एक सच्चे समाजसेवक थे। उन्होंने कहा कि ढ़ाणीमाहु ने आम जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को हमेशा प्रमुखता से उठाया। उनके विचार और संगठनात्मक क्षमता इनेलो कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने अशोक ढ़ाणीमाहु के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका असमय जाना पार्टी और समाज दोनों के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। अशोक ढ़ाणीमाहु एक समर्पित, निष्ठावान और जन-जन से जुड़े हुए जननेता थे। इस मौके पर पूर्व मंत्री डा. वासुदेव शर्मा, इनेलो महिला प्रदेश महासचिव इंदु परमार ने कहा कि अशोक ढ़ाणीमाहु ने भिवानी जिले में इनेलो संगठन को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके कुशल नेतृत्व का ही परिणाम था कि भिवानी में पार्टी का ग्राफ लगातार ऊपर बढ़ा। संगठन के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। अशोक ढ़ाणीमाहु के परिजनों ने बताया कि स्व. अशोक ढ़ाणीमाहु की अंतिम आत्मशांति के लिए रस्म पगड़ी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन 23 सितंबर को किया जाएगा। इस अवसर पर रामचंद्र बड़सरा, पूर्व सरपंच सतदेव, सत्यप्रकाश, नरेश कुमार, अंकित बड़सरा, नवीन कुमार, सतेंद्र ढाणीमाहु, अजीत ढाणीमाहू, युवराज, राहुल, संजीव बड़सरा सहित अनेक लोगों ने शोक जताया।