गणित जीवन की कठिनाइयों को दूर करने का हौसला प्रदान करता है: जिला गणित विशेषज्ञ
भिवानी (16 सितंबर) एससीईआरटी गुरुग्राम, हरियाणा के दिशा-निर्देशानुसार राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भिवानी में जिला स्तरीय गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला गणित विशेषज्ञ कपिल शर्मा की देखरेख में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्या, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी, सविता घणघस ने शिरकत की। प्रतियोगिता में जिले के 19 सरकारी विद्यालयों से 57 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने गणित से जुड़े रोचक एवं चुनौतीपूर्ण प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर अपनी प्रतिभा एवं तार्किक क्षमता का परिचय दिया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सविता घणघस ने कहा कि “गणित केवल एक विषय नहीं, बल्कि तर्क, चिंतन और समस्या समाधान की ऐसी विधा है, जिसका प्रयोग हम अपने दैनिक जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में करते हैं। विद्यार्थियों को गणित को रुचि एवं समझ के साथ सीखना चाहिए, क्योंकि गणितीय सोच उनके आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करती है।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए जीवन में गणित के व्यावहारिक प्रयोग एवं इसके महत्व को अपनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर जिला गणित विशेषज्ञ कपिल शर्मा ने कहा कि “गणित विद्यार्थियों में तार्किक सोच, विश्लेषणात्मक क्षमता और समस्या समाधान की दक्षता विकसित करता है। प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को गणित को केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित न रखकर उसे रोचक एवं व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और सीखने की जिज्ञासा बढ़ती है। हमारा उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि विकसित करना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है।”
प्रतियोगिता के परिणाम की जानकारी देते हुए कमल शर्मा ने बताया सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल, भिवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भिवानी ने द्वितीय स्थान, जबकि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दिनोद ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन कुशल क्विज मास्टर एवं गणित प्रवक्ता ममता पालीवाल ने किया। उनके रोचक अंदाज, त्वरित प्रश्नोत्तरी और कठिन प्रश्नों ने प्रतियोगिता को रोमांचक बनाए रखा तथा विद्यार्थियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का संचार किया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में प्रवक्ता नवल किशोर, अजय कुमार, कमल शर्मा, सतीश कुमार, पूनम शर्मा, विकास, दीपिका, लतिका, तरुण कुमार एवं विकास कुमार का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या सविता घणघस ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।