जन्माष्टमी की खुशी में हादसा, बिहार का युवक गंभीर घायल… 108 नहीं मिली तो निजी वाहन से ले जाना पड़ा!
पुरोला। उत्तरकाशी जनपद के पुरोला में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नगर पालिका परिषद पुरोला में आयोजित भव्य मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान एक हादसा हो गया। मटकी फोड़ने के प्रयास में बिहार मूल का करीब 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
कार्यक्रम में मटकी फोड़ने वाली टीम के लिए ₹5,100 की इनामी धनराशि रखी गई थी। इस आयोजन में स्थानीय युवाओं के साथ बिहार मूल के कुछ युवकों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
बताया जा रहा है कि मटकी फोड़ने के प्रयास के दौरान मनोर आलम पुत्र कासीम मियां, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी मोतीहारी जनपद, बिहार अचानक गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल युवक को तत्काल उप जिला अस्पताल पुरोला पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों द्वारा घायल को हायर सेंटर रेफर किए जाने की बात सामने आई। लेकिन घायल युवक के साथियों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद उन्हें समय पर 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी।
साथियों ने स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन सेवाओं पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घायल युवक को समय पर हायर सेंटर पहुंचाने के लिए उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। आखिरकार, एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने पर साथियों को अन्य वाहन की मदद से घायल युवक को हायर सेंटर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
❓ हादसे से बड़ा सवाल—आपातकाल में एंबुलेंस कहां?
जन्माष्टमी जैसे सार्वजनिक आयोजन में एक युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद यदि उसे समय पर आपातकालीन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होती है, तो यह क्षेत्र की स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
Puraula, Uttarkashi | Sep 5, 2026