भगवान सिंह कुशवाहा का विवादित बयान - भोजपुर में हत्याओं पर बोले, "हत्या तो होगी ही, इतना बड़ा बिहार है, क्या कीजिएगा"
भोजपुर/आरा: भोजपुर जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बीच जगदीशपुर के विधायक और बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का एक बयान जमकर वायरल हो रहा है। बयान में उन्होंने भोजपुर में हो रही हत्याओं को सामान्य घटना बताते हुए कहा कि इसके लिए सरकार जिम्मेदार नहीं है।
आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी और क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे मंत्री से जब पत्रकारों ने लगातार हो रही हत्याओं पर सवाल किया तो वे भड़क उठे।
*वीडियो में क्या बोले विधायक?*
वीडियो में मंत्री साफ तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं -
"अरे भाई हत्या तो होगा क्या कीजिएगा... हत्याएँ होती रहती हैं। इतना बड़ा बिहार है। भोजपुर में कोई पहली बार हत्या नहीं हो रही है, हत्या होती चली आई है।"
उन्होंने आगे कहा कि सरकार इस मामले में गंभीर है, कार्रवाई हो रही है, गिरफ्तारी हो रही है और पूरे केस की मॉनिटरिंग की जा रही है।
*पत्रकारों पर भी भड़के*
इतना ही नहीं, मंत्री ने सवाल पूछ रहे पत्रकारों पर ही पलटवार कर दिया। उन्होंने कहा -
"खाली सवाल मत पूछिए। आप चौथा स्तंभ हैं, हिम्मत है तो दिखाइए कौन मुजरिम है। पत्रकार भी जानते हैं कि कौन हत्या कर रहा है तो खुलासा क्यों नहीं करते?"
उन्होंने दावा किया कि मृतक रामकुमार सिंह ने 45 दिन पहले मेल कर बॉडीगार्ड की मांग की थी, जिस पर विभाग कार्रवाई कर रहा है।
*सियासत तेज*
बता दें कि पिछले 3 दिनों में भोजपुर में 3 बड़ी हत्या की घटनाएं हुई हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत है। ऐसे में सत्ता पक्ष के विधायक के इस बयान के बाद विपक्ष ने सरकार पर हमला बोला है। विपक्ष का कहना है कि जब सरकार के मंत्री ही हत्या को सामान्य घटना बताने लगे तो आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है।