शिवरात्रि पर हनुमान जोहड़ी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, जलाभिषेक कर मांगी मंगलकामना
आत्मा का परमात्मा से मिलन और अंतर्मन की शुद्धि का महापर्व है शिवरात्रि : चरणदास महाराज
भिवानी, 11 अगस्त : शिवरात्रि के अवसर पर मंगलवार को छोटी काशी भिवानी के हनुमान ढाणी स्थित हनुमान जोहड़ी मंदिर धाम में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। अल सुबह से ही मंदिर परिसर में दर्शन और पूजन के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय शिव शंभू के जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ शिवलिंग पर जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक किया। इसके साथ ही बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प अर्पित कर अपने परिवार, समाज और संपूर्ण देश की सुख, शांति, समृद्धि तथा आरोग्यता की कामना की। इस अवसर पर मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने शिवरात्रि पर्व के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिवरात्रि केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह आत्मा का परमात्मा से मिलन और अंतर्मन की शुद्धि का महापर्व है। भगवान शिव कल्याण और करुणा के प्रतीक हैं। आज के दिन किया गया जप, तप और अभिषेक व्यक्ति के जीवन से नकारात्मकता को समाप्त कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। समाज में सुख, शांति और आपसी सद्भाव बनाए रखने के लिए हमें भगवान शिव के संदेशों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति धर्म और सत्य के मार्ग पर चलेगा, तभी देश में वास्तविक समृद्धि और शांति की स्थापना होगी। वही दूसरी तरफ मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए थे। कतारबद्ध होकर भक्तों ने शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन किए।