विद्यालय और समुदाय एक-दूसरे के पूरक : एडीसी दीपक बाबूलाल करवा
प्रेमनगर के राजकीय उच्च विद्यालय में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण और सीसीटीवी कैमरों का हुआ शुभारंभ
एडीसी ने किया साइंस लैब, गणित लैब व लाइब्रेरी का निरीक्षण, भामाशाहों व पूर्व छात्रों को किया सम्मानित
भिवानी, 11 अगस्त : विद्यालय और समुदाय एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों एक-दूसरे की आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं। यह बात भिवानी के अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा ने गांव प्रेमनगर स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों व विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। कार्यक्रम में पहुंचने पर सरपंच राजेश कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि एडीसी दीपक बाबूलाल करवा का गर्मजोशी व फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। इस कार्यक्रम के दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत विद्यालय प्रांगण में पौधरोपण किया गया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में सुरक्षा व निगरानी हेतु लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने विद्यालय के विकास में सराहनीय सहयोग देने वाले ग्रामीणों व भामाशाहों को सम्मानित किया। इस दौरान राजकीय उच्च विद्यालय प्रेमनगर के कक्षा 10वीं के पास आउट बैच (2002) द्वारा स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए, जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया गया। अनूप मल्हान को विद्यालय में स्टेज का निर्माण करवाने हेतु सम्मानित किया गया। वही जगदीश बूरा फ़ौजी को विद्यालय में विज्ञान कक्ष की बेहतरीन व्यवस्था करवाने तथा आवश्यक सामान भेंट करने के फलस्वरूप सम्मानित किया गया। शिक्षा विभाग भिवानी के शीर्ष अधिकारी के रूप में अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा ने स्कूल की साइंस लैब, गणित लैब तथा लाइब्रेरी आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही, उन्होंने बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए स्कूल स्टाफ की खुले दिल से सराहना की और अध्यापकों से और अधिक परिश्रम करने का आह्वान किया। सरपंच राजेश कुमार के नेतृत्व में उपस्थित ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों ने एडीसी को आश्वस्त किया कि गांव के सरकारी विद्यालयों के विकास और सुविधाओं के विस्तार में ग्राम पंचायत व ग्रामीण अपना हर संभव सहयोग निरंतर जारी रखेंगे। कार्यक्रम में मंच का सफल एवं संचालन शिक्षा समिति के प्रेस प्रवक्ता एवं पूर्व प्राचार्य रमेश बूरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर कैप्टन पिरथी सिंह, सरपंच राजेश कुमार, राजेन्द्र दुहन पंच, अनूप मैनेजर, मनजीत, जयबीर, जगदीश, जयपाल बूरा, गोविन्दा, योगेश, कर्ण सिंह फ़ौजी, रमेश बूरा, मनजीत ढ़ोडा कोच, रमेेश दुहन कोच, नरेंद्र फौगाट, सतबीर बूरा, शिक्षा समिति के प्रधान जोगेंद्र बूरा, उत्तम, दीपक, दीपक मल्हान, प्रवीण बूरा, राजेश बूरा, राकेश जेई, विद्यालय प्राचार्या सीमा सरदाना सहित समस्त स्टाफ सदस्य एवं अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।