बिना पूर्व सूचना 49 श्रमिकों की छंटनी, 16 दिन से धरने पर बैठे कर्मचारी; प्रशासन से पुनर्नियुक्ति की मांग
कोटा, 21 जुलाई। स्टोन शिपर्स कर्मचारी संघ, कोटा ने आरोप लगाया है कि कंपनी प्रबंधन ने 30 जून 2026 की रात करीब 10:30 बजे फैक्ट्री गेट पर छंटनी की सूची चस्पा कर बिना किसी पूर्व सूचना के 49 कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दीं। संघ का कहना है कि यह कार्रवाई बिना किसी वार्ता, श्रम कानूनों की अनदेखी तथा वैधानिक प्रावधानों के विपरीत की गई।
संघ के अनुसार, 6 जुलाई 2026 से प्रभावित कर्मचारी शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और क्रमिक अनशन कर रहे हैं। इस दौरान प्रबंधन से जुड़े कुछ लोगों पर धरनास्थल के बाहर आकर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने तथा जातिसूचक एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में थाना रानपुर में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
स्टोन शिपर्स कर्मचारी संघ का कहना है कि उसने श्रम विभाग, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा लोकसभा अध्यक्ष से भी न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संघ ने आरोप लगाया कि प्रबंधन लगातार मनमानी कर रहा है और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है।
संघ के अध्यक्ष नाथूलाल गोस्वामी ने बताया कि पिछले 16 दिनों से श्रमिक क्रमिक अनशन एवं धरने पर बैठे हैं, लेकिन अब तक प्रबंधन ने वार्ता के लिए कोई पहल नहीं की है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि छंटनी किए गए सभी कर्मचारियों को पुनः नौकरी पर रखा जाए तथा उनके परिवारों के सामने उत्पन्न आजीविका के संकट का समाधान किया जाए।
Ladpura, Kota | Jul 29, 2026