नदियां उफान पर, पूरा रुद्रप्रयाग अलर्ट मोड पर,
डीएम बोले—जनसुरक्षा से कोई समझौता नहीं
रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मानसून के दौरान जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संभावित आपदाओं से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और जिला आपदा प्रबंधन तंत्र 24 घंटे सक्रिय है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी प्रमुख नदियों, गाड़-गदेरों के जलस्तर और वर्षा की मात्रा की प्रतिदिन नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर संवेदनशील एवं संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों का लगातार आकलन किया जा रहा है तथा समय-समय पर आमजन को आवश्यक चेतावनी एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नदियों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए प्रशासन विभिन्न माध्यमों से लोगों को लगातार जागरूक कर रहा है। स्थानीय स्तर पर मुनादी एवं सार्वजनिक घोषणाओं के जरिए नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। जिन क्षेत्रों में खतरे की आशंका अधिक है, वहां एहतियातन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित भी किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं चारधाम यात्रियों से अपील की कि मानसून के दौरान किसी भी नदी, नाले या गाड़-गदेरों के किनारे स्थायी अथवा अस्थायी ठिकाने न बनाएं और न ही वहां किसी प्रकार की गतिविधियां संचालित करें। खराब मौसम में नदी तटों की ओर जाने से बचें तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। #facebookreels #weather #viralvideochallenge #rain #kedarnath #rudraprayag #water #today #UttarakhandNews