नोखा पालिकाध्यक्ष के लिए भाजपा के दिनेश सुथार और रेवंत नाई ने पर्चे भरे: विकास मंच से बजरंग सोनी मैदान में
बीकानेर। नोखा नगरपालिका के पालिकाध्यक्ष पद के चुनाव की तस्वीर बुधवार को नामांकन प्रक्रिया के साथ साफ हो गई। भाजपा की ओर से दिनेश सुथार के साथ रेवंत राम नाई ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया जो दोनों ही मूल ओबीसी वर्ग से जीते हुए है जबकि विकास मंच की ओर से मूल ओबीसी वर्ग से बजरंग सोनी ने नामांकन दाखिल किया है। दोनों प्रत्याशियों के नामांकन के बाद अब 21 सितंबर को होने वाले चुनाव पर सभी की नजरें टिक गई हैं।
भाजपा की ओर से दिनेश सुथार को पार्टी नेताओं ने सिंबल सौंपा। इस दौरान आसकरण भट्टड़, निर्मल भूरा, मुरली बिश्नोई, सुरेश सहित कई नेता मौजूद रहे। वहीं भाजपा के पार्षद रेवंत नाई ने भी पालिकाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। रेवंत नाई के नामांकन से चुनावी प्रक्रिया में एक और नाम सामने आया। दोनों के प्रस्तावक के रूप में श्रवण ज्यानी और ओमप्रकाश जाट मौजूद रहे।
विकास मंच की ओर से बजरंग सोनी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। कन्हैयालाल झंवर की ओर से चुनाव के दौरान बजरंग सोनी के नाम की घोषणा की गई थी।
13 भाजपा पार्षदों को दिलाई शपथ
नामांकन प्रक्रिया के दौरान रिटर्निंग अधिकारी प्रिया बजाज ने नवनिर्वाचित 13 भाजपा पार्षदों को शपथ दिलाकर प्रमाण पत्र सौंपे। अब 45 निर्वाचित पार्षद 21 सितंबर को पालिकाध्यक्ष का चुनाव करेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा और मतदान के बाद ही परिणाम घोषित किया जाएगा।
नोखा में हाल ही हुए 45 वार्डों के चुनाव में विकास मंच -माकपा को 29, भाजपा को 13 और निर्दलीयों को 3 सीटें मिली हैं।
गत सोमवार को मतदान के बाद नोखा को नया पालिकाध्यक्ष मिल जाएगा। अब राजनीतिक हलकों के साथ शहरवासियों की नजरें 21 सितंबर की बैठक और मतदान पर टिकी हैं। भाजपा के सभी प्रत्याशी अपना प्रमाणपत्र लेने पहुंचे जिन्हें रिटर्निंग अधिकारी प्रिया बजाज ने शपथ दिलाई।
Bikaner, Bikaner | Sep 16, 2026