बाढ़ प्रभावितों की मदद में जुटे संगठन, शिक्षक संघ ने बांटी राहत सामग्री
चित्रकूट में मंदाकिनी, बाल्मीकि, और बरदहा नदी की बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए विभिन्न संगठन आगे आए हैं। पिछले सप्ताह से प्राथमिक शिक्षक संघ राहत किट वितरित कर रहा है। यूपी-एमपी में मूसलधार बारिश के कारण नदियों में बाढ़ आई है, जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।
बाढ़ प्रभावितों की मदद में जुटे संगठन, शिक्षक संघ ने बांटी राहत सामग्री
चित्रकूट। जिले में मंदाकिनी, बाल्मीकि व बरदहा नदी की बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद को लेकर विभिन्न संगठन लगातार मदद के लिए आगे आ रहे है। पिछले एक सप्ताह से उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ पीड़ितों को राहत किट पहुंचा रहा है। रोजाना प्रभावित गांवों में शिविर लगाए जा रहे है। यूपी-एमपी इलाके में मूसलाधार बारिश की वजह से नदियां उफान पर आई थी। सर्वाधिक मंदाकिनी में आए जलप्रलय से धर्मनगरी में रहने वाले लोगों का नुकसान हुआ है। ग्रामीण अंचलों में बाढ़ व बारिश के चलते करीब दो हजार लोगों के कच्चे मकान गिरे है। लोगों की गृहस्थी जलमग्न होकर बाढ़ के पानी में बर्बाद हो गई है।
करीब 39 गांवों में लगभग 15 हजार से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। जिला प्रशासन की ओर से सर्वे कर प्रभावितों को राहत प्रदान की जा रही है। वहीं दूसरी ओर समाजसेवियों के साथ ही विभिन्न संगठन प्रभावितों की मदद के लिए काम कर रहे है। प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों से सहयोग एकत्र कर राहत किट पहुंचाई है। जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने बताया कि संघ की ओर से धर्मनगरी चित्रकूट स्थित मप्र क्षेत्र के प्रमोदवन में प्रभावितों को राहत किट दी गई है। इसके अलावा मंदिाकनी किनारे घनघोर जंगल टाठी घाट में तपस्या कर रहे साधू-संतों को भी राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। सदर ब्लाक कर्वी के गोबरिया व भंभौर में पीडितों को राशन किट प्रदान किया गया। संघ की तरफ से लगातार प्रभावित गांवों में पहुंचकर राहत सामग्री वितरित की जा रही है।