मंगला-टपून सड़क की हालत खस्ता, जगह-जगह पड़े गड्ढे बढ़ा रहे हादसों का खतरा
छह महीने से टारिंग का काम अधूरा, बजरी उखड़ने से सड़क बनी जानलेवा — ग्रामीणों ने जल्द सुधार की उठाई मांग
चंबा। मंगला से टपून जाने वाली सड़क की हालत इन दिनों बेहद खस्ता बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे पड़ गए हैं और टारिंग के बाद बिछाई गई बजरी भी उखड़ने लगी है। इसके चलते इस मार्ग पर वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंगला-टपून सड़क पर करीब छह महीने पहले टारिंग का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी सड़क की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। कई स्थानों पर सड़क से बजरी निकल चुकी है, जबकि जगह-जगह गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। बीते दिनों इसी मार्ग पर पिकअप वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से 29 वर्षीय युवक की मौत भी हो चुकी है। ऐसे में सड़क की स्थिति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
मंगला-टपून मार्ग से दो से तीन पंचायतें जुड़ी हुई हैं और प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए जगह-जगह पड़े गड्ढे और सड़क पर फैली बजरी परेशानी का कारण बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क की स्थिति का जल्द निरीक्षण करवाकर अधूरे टारिंग कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए तथा गड्ढों को भरकर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी और अनहोनी से बचा जा सके।
Chamba, Chamba | Sep 12, 2026