चित्रकूट से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के अशोह गांव में हुए भीषण विस्फोट के मामले में 5 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस के सामने अभी भी सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर विस्फोट करने वाला व्यक्ति कौन था और मौके से मिले शव अथवा मानव अंग किसके हैं।
घटना के बाद से पुलिस लगातार मौके पर जांच-पड़ताल और तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
मौके पर करीब चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। इसके साथ ही चित्रकूट पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ राजापुर सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
विस्फोट इतना भीषण था कि जमीन में बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास के क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया। मौके से मानव अंग मिलने के बाद पुलिस के सामने यह चुनौती और बढ़ गई है कि आखिर यह घटना कैसे हुई और इसमें शामिल व्यक्ति कौन था।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है—आखिर वह व्यक्ति कौन था, जिसने यहां विस्फोट किया और मौके पर उसकी मौत कैसे हुई?
पुलिस की जांच और विशेषज्ञ टीमों की रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।