योग से स्वस्थ और सक्रिय जीवन का मार्ग प्रशस्त : डॉ. सुरिंदर कौर
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम)
डी.ए.वी. गर्ल्स कॉलेज के योग विभाग की और से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हॉस्टल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका विषय स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रहा, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं सकारात्मक वृद्धावस्था के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. रंजना देवी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए योग को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कौर ने अपने संबोधन में कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है तथा स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था एवं संचालन की जिम्मेदारी डॉ. समृति शर्मा ने संभाली, जबकि एम.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा रिंकी ने उनका सहयोग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत के साथ हुआ, जिसके पश्चात प्रार्थना एवं योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों तथा प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई-2 की कार्यक्रम अधिकारी कनिका गोयल एवं उनके विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का समापन आज योग, कल स्वस्थ जीवन, और सदैव बेहतर वृद्धावस्था के प्रेरणादायक संदेश के साथ किया गया।