घायल 2 वर्षीय बच्ची के इलाज का पूरा खर्च उठाए नगर निगम और ₹2 लाख मुआवजा दे : शिमला नागरिक सभा
शिमला, 28 सितंबर। शिमला नागरिक सभा का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को अध्यक्ष जगमोहन ठाकुर की अध्यक्षता में नगर निगम उपायुक्त भुवन शर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शांकली में कुत्तों के हमले में घायल हुई 2 वर्षीय बच्ची के मामले को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए नगर निगम से बच्ची के इलाज का पूरा खर्च वहन करने और उसके परिवार को ₹2 लाख का मुआवजा देने की मांग उठाई।
शिमला नागरिक सभा ने कहा कि बच्ची के साथ हुई घटना बेहद गंभीर है और नगर निगम की लापरवाही के कारण उसे कुत्तों के हमले का शिकार होना पड़ा। ऐसे में बच्ची के उपचार का आर्थिक बोझ उसके परिवार पर नहीं डाला जाना चाहिए। सभा ने मांग की कि बच्ची के इलाज में अब तक हुए तथा भविष्य में होने वाले सभी खर्च नगर निगम द्वारा वहन किए जाएं, ताकि परिवार को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सभा ने विशेष रूप से मांग की कि 29 सितंबर को होने वाली नगर निगम हाउस की बैठक में इस मामले को एजेंडे में शामिल किया जाए तथा बच्ची के निःशुल्क उपचार और उसके परिवार को ₹2 लाख मुआवजा देने का प्रस्ताव पारित किया जाए। सभा का कहना है कि बच्ची अभी उपचाराधीन है और परिवार एक ओर घटना से उत्पन्न मानसिक पीड़ा से गुजर रहा है, वहीं दूसरी ओर इलाज के खर्च का अतिरिक्त बोझ भी झेल रहा है। ऐसे में नगर निगम को बिना किसी देरी के परिवार को आर्थिक राहत प्रदान करनी चाहिए।
शिमला नागरिक सभा ने शहर में बढ़ती आवारा एवं आक्रामक कुत्तों की समस्या को लेकर भी नगर निगम के समक्ष कई मांगें रखीं। सभा ने आक्रामक और खतरनाक कुत्तों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने, विशेष ABC (Animal Birth Control) एवं रेबीज टीकाकरण अभियान चलाने तथा शहर में कम से कम 5 प्रभावी ABC सेंटर स्थापित करने की मांग की। इसके साथ ही नियमों के अनुसार निर्धारित फीडिंग पॉइंट बनाए जाने की भी मांग की गई।
सभा ने कहा कि शिमला शहर में कुत्तों और बंदरों के बढ़ते आतंक के कारण आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। नगर निगम को केवल आश्वासन देने के बजाय इस समस्या के समाधान के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
प्रतिनिधिमंडल में शिमला नागरिक सभा के अध्यक्ष जगमोहन ठाकुर, सचिव विवेक कश्यप, कोषाध्यक्ष सुनील वशिष्ठ, प्रो. राजेंद्र चौहान, तिलक राज, घायल बच्ची के चाचा अमित तथा बुआ रजनी शामिल रहे।
शिमला नागरिक सभा ने स्पष्ट किया कि यदि घायल बच्ची का पूरा इलाज निःशुल्क नहीं किया गया और उसके परिवार को ₹2 लाख मुआवजा उपलब्ध नहीं करवाया गया, तो सभा आम जनता को साथ लेकर नगर निगम के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी।
Dharmpur, Mandi | Sep 28, 2026