भागलपुर, 22 जून 2026. भागलपुर के निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के स्थानांतरण के उपरांत उनके सम्मान में सोमवार को टाउन हॉल, भागलपुर में विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रमंडलीय आयुक्त, भागलपुर प्रमंडल, भागलपुर श्री प्रेम सिंह मीणा, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) भागलपुर प्रक्षेत्र, वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा ने कहा कि डॉ. नवल किशोर चौधरी एक ऊर्जावान, कर्मठ एवं दूरदर्शी प्रशासक हैं, जिन्होंने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में भागलपुर जिले को विकास एवं सुशासन की नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में जिलाधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और डॉ. चौधरी ने अपने कुशल नेतृत्व, समन्वय क्षमता तथा टीम भावना के माध्यम से जिले में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासनिक व्यवस्था की सफलता टीम वर्क पर आधारित होती है तथा डॉ. चौधरी ने सदैव अपनी पूरी टीम को साथ लेकर कार्य किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों के बीच सकारात्मक कार्य संस्कृति विकसित करने के साथ-साथ प्रत्येक स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भागलपुर ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि बिहार ने विगत वर्षों में सड़क, बिजली, पेयजल, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है तथा अब उद्योग, पर्यटन एवं नगर विकास जैसे क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर विकास एवं आवास विभाग तथा ऊर्जा विभाग में नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए डॉ. चौधरी अपने अनुभव एवं कार्यक्षमता से राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से आह्वान किया कि वे डॉ. चौधरी द्वारा स्थापित कार्य संस्कृति, संवेदनशीलता, जनसेवा की भावना एवं सामूहिक नेतृत्व के मूल्यों को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य तभी संभव है जब सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करें।
समारोह में विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए डॉ. नवल किशोर चौधरी के नेतृत्व, सरल व्यवहार एवं प्रशासनिक दक्षता की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन के अंत में प्रमंडलीय आयुक्त श्री प्रेम सिंह मीणा ने डॉ. नवल किशोर चौधरी सहित स्थानांतरित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Dr Nawal Kishor
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
JEEVIKA Bihar
Bhagalpur Police
DM & Collector, Banka