*हाईकोर्ट वकील के घर में चोरी के 2 आरोपी गिरफ्तार*
*वारदात के मास्टरमाइंड की तलाश जारी*
सतना। कोलगवां थाना पुलिस ने सोनौरा निवासी हाईकोर्ट अधिवक्ता रजनीश पुत्र शंकरदीन शर्मा, के घर में घुसकर लगभग 37 लाख की नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण की चोरी का खुलासा कर आरोपी मनीष उर्फ पप्पू पुत्र बाबूलाल भुजवा 37 वर्ष और धेनू पुत्र कन्हैयालाल गुप्ता 28 वर्ष, निवासी पुष्पराज कॉलोनी सिटी कोतवाली, को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने पूछताछ में एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर चोरी का जुर्म कबूल कर लिया, मगर चोरी में हासिल रकम और गहने अपने तीसरे साथी के पास होने की बात कही, जो कि वारदात का मास्टरमाइंड भी बताया जा रहा है। दोनों आरोपियों को पूछताछ के पश्चात गुरुवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। इसी के साथ तीसरे आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू की गई है।
*ये है मामला*
गौरतलब है कि एडवोकेट रजनीश 1 जुलाई को न्यायालयीन कार्य से जबलपुर चले गए थे, उनके घर पर ताला लगा हुआ था, जबकि पिता समेत अन्य परिजन कुछ दूर पर बने दूसरे घर में निवासरत थे। इसके बाद ही चोरों ने पीछे की तार फेंसिंग काटने के बाद छत के रास्ते घर में घुसकर ऑफिस के लॉकर से 37 लाख कैश और आलमारी से ज्वेलरी पार कर दी। 5 जुलाई को जब उनके पिता घर की देखरेख करने पहुंचे, तब चोरी की बात पता चली। बदमाशों ने 7 सीसीटीवी कैमरे भी चोरी किए थे, मगर दो कैमरे और डीवीआर नहीं ले जा पाए, जिससे उनकी करतूत सामने आ गई।