बीजेपी प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की तबीयत बिगड़ी, आईजीएमसी में भर्ती
शिमला, 27 जून। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की शनिवार को शिमला में अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह डीसी कार्यालय के बाहर भाजपा के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चौपाल से भाजपा विधायक बलवीर वर्मा मीडिया को संबोधित कर रहे थे, तभी उनके पास खड़े हर्ष महाजन लड़खड़ाकर गिरने लगे। मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाल लिया,।
इसके बाद उन्हें तुरंत एचआरटीसी की टैक्सी से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की।
आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव के अनुसार, हर्ष महाजन पिछले एक-दो दिनों से डायरिया से पीड़ित थे। उन्होंने सुबह नाश्ता भी नहीं किया था और उन्हें शुगर की भी समस्या है। इन्हीं कारणों से उन्हें चक्कर आया। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है। उनके आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण किए जा रहे हैं।