सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य के पति की गोली मारकर हत्या, एसपी समेत पुलिसकर्मियों को बनाया बंधक
सीतामढ़ी। डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव में तड़के सुबह अपराधियों ने जिला परिषद सदस्य के पति और जिला राजद उपाध्यक्ष वैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सीतामढ़ी के एसपी अमित रंजन समेत कई पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया। इस दौरान एसपी के वाहन समेत करीब आठ वाहनों में तोड़फोड़ की गई। गुस्साए लोगों ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया, जिसमें ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि वैद्यनाथ महतो पर पहले भी गोलीबारी हुई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, वे अपने गांव में कथित शराब कारोबार का लगातार विरोध कर रहे थे। इसी मामले को लेकर करीब एक सप्ताह पहले उनके नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाने का घेराव भी किया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत और विरोध के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
Singhwara, Darbhanga | Sep 13, 2026