गरीबों के राशन में कटौती हुई तो होगी कार्रवाई! अजीत कुमार ने PDS दुकानदारों को दिया सख्त निर्देश
मड़वन प्रखंड मुख्यालय के सभागार में शुक्रवार को कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने जन वितरण प्रणाली दुकानदारों के साथ बैठक कर राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने, ई-पॉश मशीन की समस्या, केवाईसी और दुकानदारों के कमीशन समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रखंड के एमओ विवेक कुमार ने बताया कि नए राशन कार्ड के लिए कुल 3200 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें करीब 1500 लाभुकों का केवाईसी पूरा हो चुका है। जिन लाभुकों का केवाईसी अभी लंबित है, उन्हें संबंधित पीडीएस दुकानदार के पास जाकर प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की गई।
विधायक अजीत कुमार ने स्पष्ट कहा कि किसी भी उपभोक्ता को निर्धारित मात्रा से कम अनाज नहीं मिलना चाहिए। गरीबों के हक के राशन में कटौती या अनियमितता की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पारदर्शिता के साथ राशन वितरण और लाभुकों के साथ उचित व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं, पीडीएस दुकानदारों ने लंबे समय से कमीशन भुगतान में देरी और खराब ई-पॉश मशीनों की समस्या उठाई। विधायक ने डीएम से मिलकर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों द्वारा दुर्व्यवहार या उगाही की शिकायत पर भी कार्रवाई की बात कही गई।
#TirhutNow #Muzaffarpur #PDS #RationDistribution #AjitKumar