मुजफ्फरपुर में कानून-व्यवस्था पर DM-SSP सख्त, रात में भी बढ़ेगी गश्ती; अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मुजफ्फरपुर में विधि-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में अपराध नियंत्रण, पुलिस गश्ती, आसूचना तंत्र, साइबर अपराध, आगामी पर्व-त्योहार और विधान परिषद चुनाव की आदर्श आचार संहिता समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विधि-व्यवस्था के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाने और रात में भी नियमित पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया।
अंचल अधिकारी, बीडीओ और थानाध्यक्ष संयुक्त रूप से गश्ती करेंगे, जबकि एसडीओ और एसडीपीओ छात्रावास, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखेंगे।
आदतन अपराधियों और पुराने मामलों के वारंटियों पर सख्त कार्रवाई, सोशल मीडिया की निगरानी और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को लेकर जुलूस मार्गों का सत्यापन और शांति समिति की बैठक समय पर कराने को कहा गया है। अधिकारियों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
#Muzaffarpur #TirhutNow #LawAndOrder #MuzaffarpurPolice #BiharNews